वृद्धाश्रम में सीएमओ ने बांटा आयुष्मान कार्ड, 5 लाख तक का मुफ्त इलाज
चंदौली : मुख्य चिकित्साधिकारी वाईके राय व हरिओम हॉस्पिटल के संचालक विवेक सिंह द्वारा वृद्धाश्रम में लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया. साथ ही सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. वही आयुष्मान कार्ड वितरण के इस कार्यक्रम में चंदौली के कई चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया.
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड 70 वर्ष या उससे अधिक लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराता है. इस अवसर पर सीएमओ युगल किशोर राय ने लोगों को बताया कि आयुष्मान कार्ड के जरिए वे किसी भी पंजीकृत अस्पताल में मुफ्त इलाज करवा सकते हैं. उन्होंने बताया कि यह योजना विशेषकर उन लोगों के लिए है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्हें उचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पातीं.
कार्यक्रम के दौरान हरिओम हॉस्पिटल संचालक डॉ विवेक सिंह ने इस पहल की सराहना की और इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच पाता है, और इससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है.
कार्यक्रम के अंत में लोगों ने इस पहल के लिए सीएमओ वाईके राय और हरिओम हॉस्पिटल के संचालक डॉ विवेक सिंह को धन्यवाद दिया, और आशा जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा.
इस दौरान आयुष्मान भारत नोडल अधिकारी डॉ अमित दुबे, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हीरालाल, डॉ जेपी गुप्ता, डॉ मनीष पटेल, अभिनव श्रीवास्तव, वृद्धाश्रम प्रबंधक मनीष, अनिल एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.


















