यूपी में चली तबादला एक्सप्रेस, योगी सरकार ने 10 आईएएस अधिकारियों का किया ट्रांसफर
लखनऊ : शासन ने दस आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. डॉ. राज शेखर की जिम्मेदारियां शासन ने कम की हैं. उनसे प्रबंध निदेशक नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, राज्य नोडल अधिकारी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना व प्रबंध निदेशक भूमि सुधार निगम का कार्यभार वापस ले लिया गया है, जबकि प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का कार्यभार उन्हीं के पास रहने दिया गया है.
अनिल गर्ग को प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन के साथ राज्य नोडल अधिकारी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना व प्रबंध निदेशक भूमि सुधार निगम का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है. अपर मुख्य सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मनोज सिंह को प्रतीक्षारत रखा गया है. वहीं, अनिल कुमार-तृतीय को प्रमुख सचिव श्रम के साथ प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है.
प्रतीक्षारत सान्या छाबड़ा को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम के पद पर तैनात किया गया है. इस पद पर तैनात रवि रंजन अब प्रबंध निदेशक यूपी इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन लिमिटेड का कार्य देखेंगे. विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग व संयुक्त प्रबंध निदेशक जल निगम (ग्रामीण) के पद पर तैनात प्रणता एश्वर्या को यूपी एग्रो का प्रबंध निदेशक बनाया गया है.










