यूपी में कब से पड़ेगी कड़ाके की ठंड, आ गया IMD का बड़ा अपडेट, जान लीजिए मौसम की भविष्यवाणी

132

यूपी में कब से पड़ेगी कड़ाके की ठंड, आ गया IMD का बड़ा अपडेट, जान लीजिए मौसम की भविष्यवाणी

यूपी टाइम्स 18 : उत्तर प्रदेश में इस बार मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला सा नजर आ रहा है. दिवाली बीत चुकी है और नवंबर महीने का दूसरा हफ्ता चल रहा है. अभी भी ठंड का सिलसिला शुरू नहीं हो पाया है. प्रदेश में अभी भी हल्की-फुल्की ही ठंड पड़ रही है. रात के समय में ही ठंड का असर देखने को मिल रहा है. दिन में तो धूप निकलने की वजह से अभी भी ठीकठाक गर्मी हो रही है. फिलहाल प्रदेश में 15 नवंबर तक मौसम साफ रहने वाला है. हालांकि, इस दौरान तराई बेल्ट में सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग की ओर से आए आंकड़ों ने हर किसी को चौंका दिया है. इस साल अब तक सबसे गर्म नवंबर रहा है. पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं होने से मैदानी इलाकों तक ठंड का आगमन नहीं हो सका है. खुले मौसम के कारण तेज धूप और गर्मी अपना असर दिखा रही है. नवंबर में भी लोगों को पंखा-एसी का सहारा लेना पड़ रहा है. IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता में कमी के कारण प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई गई थी. असर अब दिख रहा है.

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि अभी मौसम साफ है. तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. प्रदेश में 10 नवंबर को मौसम साफ रहने वाला है. इस अवधि में प्रदेश के दोनों हिस्सों में कोहरा पड़ सकता है. पश्चिमी यूपी के तराई बेल्ट में एक-दो जगह पर सुबह के समय धुंध और छिछला कोहरा छाने की संभावना जताई गई है. हालांकि, अभी ठंड के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ सकता है. 15 नवंबर के बाद ठंड अपना असर दिखा सकती है.

पूर्वी यूपी में भी कहीं-कहीं पर धुंध और छिछला कोहरा होने के आसार जताए गए हैं. हालांकि, इस दौरान प्रदेश में कही भी किसी तरह का अलर्ट नहीं है. वहीं आने वाले दिनों में भी प्रदेश में कोई भारी बदलाव होने के आसार नहीं जताए गए हैं. मौसम जस का तस बना रहने की उम्मीद जताई गई है. तापमान में ज्यादा गिरावट न होने के चलते अभी दिन में धूप और रात में हल्की ठंड का सिलसिला जारी रहने वाला है. प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो उतार चढ़ाव जारी है.

यूपी में पिछले दिनों कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से 15 डिग्री सेल्सियस तक रिकार्ड किया गया था. अब यह 16 डिग्री से 17 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है. चुर्क में 16.6 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 16.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. वहीं, मेरठ में 17.2 डिग्री, अयोध्या में 17 डिग्री और कानपुर शहर में 17.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा है. नजीबाबाद में सबसे कम 28 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है.