दुर्गा पूजा व दशहरा की तैयारी तेज, पीस कमेटी की बैठक में त्योहारों पर शांति और सौहार्द कायम रखने की अपील
चंदौली : थाना बलुआ परिसर में रामलीला व दुर्गा पूजा को लेकर पीस कमेटी व गणमान्य लोगों के साथ थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई. जिसमें आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आयोजनों के लिए गाइड लाइन जारी किया गया. इस दौरान लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की गई. साथ ही किसी अप्रिय घटना की आशंका पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई.

बैठक को संबोधित करते हुए बलुआ थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि बिना अनुमति के कोई नया कार्यक्रम न करें. सभी लोग शासन के गाइडलाइंस का पालन करते हुए दशहरा दुर्गा पूजा को भाई चारे के साथ मनाएं. वही पंडालों और आस-पास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं. कहा कि त्योहार के अवसर पर किसी भी अवांछनीय तत्व की सूचना तत्काल पुलिस को दें. पर्व के दौरान शांति बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
दुर्गा पूजा पाण्डाल एवं प्रतिमा विसर्जन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश
● सभी दुर्गा प्रतिमाए (मूर्तियां) अपने पूर्व के निर्धारित स्थल पर ही स्थापित होगी.
● कोई भी नये पाण्डाल का निर्माण या नये प्रतिमा की स्थापना बिना परमिशन के नहीं होगा.
● सभी दुर्गा पूजा समिति के सदस्य अपने कमेटी के सभी सदस्यों (पदाधिकारियों) की सूची मोबाईल नम्बर सहित थानाध्यक्ष बलुआ को उपलब्ध करायेंगे.
● पाण्डाल के अन्दर बिना प्रमाणित फोटो सहित परिचय पत्र के कोई भी वालेन्टियर या कार्यकर्ता नहीं रहेगा.
● कोई भी कार्यकर्ता वालेन्टियर अगर पाण्डाल के अन्दर नशे की हालत में पकड़ा जायेगा, उसके ऊपर सख्त कानूनी कार्यवाही होगी.
● पाण्डाल के अन्दर व बाहर सी०सी०टी०वी० कैमरा व फायर सिस्टम (अग्निशामक यन्त्र) की व्यवस्था कमेटी द्वारा स्वयं के खर्च से अनिवार्य रूप से करायी जायेगी.
● पाण्डाल के अन्दर व बाहर या प्रतिमा विसर्जन में उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित डेसीबल में ही ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाया जा सकेगा.
● रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र पूर्ण रूप से प्रतिबन्धित रहेगा.
● कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बिना किसी पूर्व सूचना या बिना परमिशन के आयोजित नही होगा.
● सभी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन अपने पूर्व निर्धारित मार्ग से ही होगा.
● सभी प्रतिमाओं का विसर्जन अपने-अपने पूर्व निर्धारित स्थल पर ही होगा, किसी भी दशा में माँ गंगा में प्रतिमा विसर्जन नही होगा.
उपरोक्त निर्देशों का पालन न करने या कोई अप्रिय घटना घटित होने पर कमेटी के ऊपर सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी : थानाध्यक्ष बलुआ
बैठक में योगेंद्र मिश्रा, गोपाल गुप्ता, इलियास अली, दिलीप कुमार, नारद यादव, संतोष यादव, राजेश यादव, अवनीश यादव, अमन निषाद, प्रमोद यादव, राहुल शर्मा, अभय सिंह सहित आदि उपस्थित रहे.


















