प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यो को लेकर कलेक्ट्रेट में की समीक्षा बैठक, कमियां उजागर होने पर लगाई फटकार

215

प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यो को लेकर कलेक्ट्रेट में की समीक्षा बैठक, कमियां उजागर होने पर लगाई फटकार

चंदौली : यूपी सरकार में मंत्री और चंदौली के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड शनिवार से ही दो दिवसीय दौरे पर आए हुए है. दो दिनों में प्रभारी मंत्री ने केंद्र व प्रदेश सरकार की निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया. रविवार को कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के दौरान भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री के सामने सिंचाई विभाग, मनरेगा, पीडब्ल्यूडी विभाग के साथ अन्य अधिकारियों की कमियों को उजागर किया. जिस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कमियों को दूर करते हुए उन अधिकारियों को फटकार भी लगाई.

विद्युत आपूर्ति एवं विजिलेंस जांच टीम के कार्यों का उठाया गया मुद्दा

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, विधायक सुशील सिंह, विधायक कैलाश आचार्य ने विद्युत आपूर्ति एवं विजिलेंस जांच टीम के कार्यों में विसंगति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. प्रभारी मंत्री द्वारा पूछे जाने पर एसजी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे, तहसील क्षेत्र में 21 घंटे एवं मुख्यालय में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का प्रावधान है. और इसमें लगभग 97% से 98% आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. सैयदराजा विधायक द्वारा विद्युत कटौती का निर्धारित समय न बता पाने पर प्रभारी मंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की.

ब्लॉक स्तर पर कैम्प लगाने के निर्देश

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उपनिदेशक कृषि भीमसेन ने बताया कि वर्तमान में कृषि रक्षा रसायन योजना के अंतर्गत बायोपेस्टिसाइट पर अनुदान दिया जा रहा है. जिसमें अब तक कुल 47552 आवेदन आए और 36790 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं. इसके साथ ही पीएम कुसुम योजना, मुख्यमंत्री फसल बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्षेत्र में तेजी से कार्य किया जा रहा है. इस दौरान प्रभारी मंत्री ने उपनिदेशक कृषि को ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर किसानों को लाभान्वित किए जाने का निर्देश दिया.

गड्ढा मुक्ति अभियान के बारे में मांगी जानकारी

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा गड्ढा मुक्ति अभियान के बारे में जानकारी मांगी गई. प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता राजेश कुमार को निर्देशित किया की सबसे पहले इसकी एक सूची बना लिया जाए. उसके उपरांत शीघ्रता से गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए. अधिशासी अभियंता ने बताया कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा 11 नए सेतु बनाए जा रहे हैं. जिसमें तीन बनकर तैयार हैं और 8 प्रगतिशील है. इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा 36 नई सड़को का निर्माण कार्य होना है. जिसमें से 10 नई सड़क बन गई है और शेष पर कार्य चल रहा है.

आवास योजना के बारे में ली गई जानकारी

आवास योजना के संबंध में पीडी डीआरडीए ने बताया कि नए आवास के लिए बैठक कर ली गई है. किंतु सर्वे प्रारंभ नहीं हुआ है. जनप्रतिनिधियों द्वारा पात्र व्यक्तियों के नाम छूट जाने का मुद्दा उठाया गया. वही इस संबंध में जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने पीडी डीआरडीए को निर्देशित किया की पात्र लोगों के नाम सचिव के माध्यम से यथाशीघ्र प्राप्त कर लिए जाएं.

हर-घर नल-जल योजना की समीक्षा

हर-घर नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने कार्य के दौरान गड्ढे खोदकर छोड़ दिए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल ठीक कराए जाने का निर्देश दिया. प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता जल निगम अमित कुमार राजपूत को निर्देशित किया कि बिना कार्य पूर्ण कराए कार्यदायी संस्था को पेमेंट ना किया जाए.

प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने बताया कि धरातल पर तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं. लेकिन कुछ जगहों पर कमियां उजागर हुई हैं. जिसे ठीक करने के लिए संबंधित विभाग के अफसरों को जिम्मेदारी दी गई हैं. अगले बार के निरीक्षण के दौरान सबकुछ ठीक नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होना तय हैं.

इस दौरान राज्यसभा सांसद साधना सिंह, विधायक कैलाश खरवार, विधायक सुशील सिंह, डीएम निखिल टी. फुंडे, एसपी आदित्य लांग्हे, सीडीओ एसएन श्रीवास्तव सहित अन्य अफसर मौजूद रहे.