ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा
चंदौली : थाना सकलडीहा पुलिस, स्वाट सर्विलांस टीम को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट की घटना का खुलासा किया है. लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. साथ ही दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक लाख इक्यानवे हजार रुपया नगद बरामद हुआ है. साथ ही अभियुक्तों के द्वारा बैंक में जमा 45000 रुपए को होल्ड कराया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, पांच मोबाइल व घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुआ है.
विदित हो कि बीते 21 सितम्बर रविवार को थाना सकलडीहा अंतर्गत सुनील कुमार पुत्र रामजतन प्रजापति निवासी ग्राम फुल्ली थाना सकलडीहा जनपद चंदौली अपने मित्र सेवालाल के साथ यूनियन बैंक पौनी से चार लाख रूपए निकाल कर अपने ग्राहक सेवा केंद्र तुलसी आश्रम नोनार लेकर जा रहे थे. उसी समय विपरीत दिशा से बाइक से आ रहे तीन नकाबपोश व्यक्तियों ने सकलडीहा थाना अंतर्गत नागनपुर नहर के पास सुनील कुमार का रुपयों से भरा बैग छीनकर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से व एक व्यक्ति पैदल फरार हो गए थे. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. वही फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने में पुलिस जुटी हुई थी.
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने लूट की घटना के बाद तत्काल अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था. जिसके क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच व सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर फुल्ली गांव के प्राथमिक विद्यालय के समीप से अभियुक्त सुहेल खान पुत्र स्व. साहब अली तथा अमित यादव पुत्र राम अवध यादव निवासीगण ग्राम नोनार तुलसी आश्रम थाना सकलडीहा जनपद चन्दौली व दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि 21 सितम्बर को सुनील प्रजापति पैसा निकालने के लिए युनियन बैंक शाखा पौनी गये थे, जिनके रुपये लूटने के नीयत से दीपक यादव व दोनों बाल अपचारी असलहे के साथ हीरो मोटरसाइकिल पर सवार होकर तुलसी आश्रम नोनार स्थित अस्पताल के बगल में योजना बनाकर इन्तजार करने लगे. वही सुनील प्रजापति के बैंक से पैसा लेकर चलने पर सुहेल खान सूचना देने के पश्चात बैंक से ही अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से उनके पीछे लगा था. नागनपुर नहर पटरी के पास स्थित पेड़ के बगल में सुनील ने मोटर साइकिल रोकते हुए असलहा दिखाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया. पूर्व से ही अमित यादव घटना स्थल से कुछ दूर स्थित नहर पुलिया के पास खडा होकर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखे था. वही छिनैती की घटना हो जाने के बाद सभी अभियुक्त वाराणसी जाकर कैण्ट रेलवे स्टशेन के बगल में 60-60 हजार रुपये आपस में बांट लिये. अभियुक्तों के पास से छिनैती का 1,91,000/- रुपया नगद तथा अभियुक्तगण के खाते में जमा किया गया 45,000/- रुपया होल्ड कराया गया. घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल बजाज पल्सर तथा हीरो मोटर साइकिल, एक तमंचा 315 बोर व एक जिन्दा कारतूस 315 बोर तथा पाँच मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
मामले के खुलासे में थानाध्यक्ष सकलडीहा संजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक आशीष मिश्रा प्रभारी स्वाट/सर्विलांस चन्दौली, उप निरीक्षक विजय राज चौकी प्रभारी नई बाजार, उप निरीक्षक राणा प्रताप यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.


















