IGRS पर शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, शिकायतकर्ता का लिया फीडबैक
चंदौली : आईजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता परखने के लिए डीएम निखिल टी. फुंडे ने स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर मौके का भ्रमण किया. वही आमजन से विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण कराने हेतु उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया.

दरअसल शिकायतकर्ता राम अवध राम निवासी जसुरी द्वारा नाली की शिकायत दर्ज कराई गई थी. जिस पर सदर तहसील से सम्बंधित अधीनस्थ अधिकारी द्वारा मौके पर सुलह समझौते के आधार पर प्रकरण का निस्तारण करा दिया गया था. वही सदर ब्लॉक के लीलापुर न्याय पंचायत अंतर्गत धामा गांव निवासी शिकायतकर्ता सितारे हिन्द द्वारा चकरोड पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा चकरोड का सीमांकन कराकर ग्राम प्रधान को सुपुर्द कर दिया गया था. जिसका डीएम ने भ्रमण कर निस्तारण की गुणवत्ता को परखा एवं उपस्थित शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया.

डीएम ने कहा कि आम जन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, आसान व पारदर्शी निस्तारण के लिए आईजीआरएस बहुत अच्छी प्रक्रिया है. इस दौरान ग्राम प्रधान द्वारा डीएम से क्षतिग्रस्त नाली के निर्माण हेतु आग्रह किया गया. जिस पर डीएम ने बीडीओ को फोन पर ही उक्त कार्य के लिए निर्देशित किया. निरीक्षण के दौरान नायाब तहसीलदार सदर चित्रसेन, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व ग्राम प्रधान उपस्थित रहे.


















