बिना फ़िटनेश के स्कूली वाहनों के संचालन पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिया निर्देश

307

बिना फ़िटनेश के स्कूली वाहनों के संचालन पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिया निर्देश

चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को डीएम निखिल टी. फुंडे की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति व लोक निर्माण विभाग के सड़को की समीक्षा बैठक हुई. जिसमें बिना मानक के चल रहे स्कूल वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में बिना फ़िटनेश के किसी भी स्कूलों द्वारा वाहनों का संचालन न किया जाय अन्यथा की स्थिति में वाहन के साथ सम्बंधित स्कूलों पर भी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी. वही वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने व व्यवसायिक वाहनों के फिटनेस की जांच और बिना पंजीकृत वाहनों का चेकिंग कराकर नियमानुसार कार्रवाई कराने का निर्देश दिया है.

18 वर्ष से कम उम्र के वाहन चालकों पर रखें कड़ी नज़र

डीएम ने कहा कि ओवरलोडिंग, गलत नंबर प्लेट, बिना एचएसआरपी लगे वाहन, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल से बात करना, गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे की हालत में वाहन चलाना और 18 वर्ष से कम आयु के वाहन चालकों पर सख्ती से निपटने के लिए अभियान चलाकर कार्य को करने का निर्देश दिया. कहा कि सड़क के किनारे अवैध तरीके से खड़े वाहनों की चेकिंग किया जाए. किसी होटल या ढाबे पर वाहन अवैध तरीके से सड़क पर खड़ा किए गए हैं तो उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाए.

सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

डीएम ने कहा कि प्रायः देखा जा रहा है कि अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने पर दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. जिस होटल या ढाबे के पास पार्किंग की व्यवस्था है तो वाहन चालक अपनी गाड़ी पार्किंग में ही पार्क करें, साथ ही चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके. ऐसे स्थान पर जरूरत के अनुसार साइनेज, स्पीड ब्रेकर सहित अन्य जो जरूरी कार्रवाई है उसको करें. बैठक के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़कों पर अवैध अतिक्रमण कर जाम की स्थिति उत्पन्न करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें. वही डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक के पूर्व सभी कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए. बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाई० के० राय, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, उप जिलाधिकारी सकलडीहा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.