अवैध हूटर और काली फ़िल्म वाले वाहनों पर चंदौली पुलिस का एक्शन, 57 वाहनों का कटा चालान

1239

अवैध हूटर और काली फ़िल्म वाले वाहनों पर चंदौली पुलिस का एक्शन, 57 वाहनों का कटा चालान

चंदौली : ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चंदौली पुलिस एक्शन कर रही है. गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म इस्तेमाल करने वालों पर भी एक्शन हुआ है. तो वहीं जुर्माना लगाने के साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही है. एसपी डॉ अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस ने अवैध हूटर, काली फिल्म, सायरन जो मोटर वाहन अधिनियम के नियमों और विनियमों के अनुसार अवैध हैं उनके खिलाफ अभियान चला रही है. पुलिस ने नियमों का उलंघन करने वाले 57 वाहनों का चालान काटा है. जबकि लग्जरी वाहनों पर लगे 21 काली फ़िल्म को हटवाने के साथ जुर्माना लगाने की कार्रवाई कर रही है. इसे लेकर वाहन स्वामियों में हड़कम्प मचा रहा.

एएसपी के नेतृत्व में 88 चार पहिया वाहन को रुकवाया गया

अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना अलीनगर व थाना मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चकिया तिराहा पर चार पहिया वाहनों की जांच की गई. जांच के दौरान कुल 88 चार पहिया वाहनों को रुकवाया गया. जिसमें 13 वाहनों में काली फ़िल्म लगी हुई मिली. वाहनों के शीशों पर लगे काली फ़िल्म को थाना अलीनगर पुलिस ने मौके पर ही उतार दिया तथा पांच वाहनों पर दोष पूर्ण नम्बर प्लेट मिले वही 25 वाहनों से प्रेसर हॉर्न, एक वाहन से हूटर उतरवाकर चालान किया गया.

सीओ के नेतृत्व में 35 चार पहिया वाहनों की गई जांच

क्षेत्राधिकारी यातायात रघुराज के नेतृत्व में थाना बलुआ पुलिस टीम द्वारा चहनियां चौराहा पर 35 चार पहिया वाहनों की जांच की गई. जिसमें आठ चार पहिया वाहनों में काली फ़िल्म लगी हुई मिली. वाहनों के शीशों पर लगी हुई काली फ़िल्म को थाना बलुआ पुलिस ने मौके पर ही उतार दिया तथा छः वाहनों पर दोष पूर्ण नम्बर प्लेट मिले जिनके विरुद्ध चालान किया गया. वही क्षेत्राधिकारी रघुराज ने बताया कि यह अभियान आगे भी चलता रहेगा.

वाहन स्वामियों को मिली चेतावनी

अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा सड़क सुरक्षा चेकिंग के दौरान वाहनों में लगे स्टीकर, बैनर, हूटर, सायरन को उतरवाया जा रहा है. साथ ही वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुबारा वाहन में स्टीकर, हूटर, सायरन, काली फ़िल्म आदि लगी हुई मिली तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. वही चेकिंग के दौरान बाइक सवारों को सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट लगाकर वाहन का संचालन करने की अपील की गई.

पुलिस अधीक्षक ने जारी की है एडवाइजरी

पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने जनपद वासियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है. पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया है कि शासन के निर्देशानुसार निजी वाहनों पर हूटर, सायरन, लाल नीली बत्ती, पद सूचक, ब्लैक फिल्म के विरुद्ध अभियान चलाया गया है. जो लोग भी अपने निजी वाहनों पर पद सूचक जैसे पुलिस, उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार आदि और ब्लैक फिल्म, हूटर, सायरन, लाल नीली बत्ती आदि लगाए हैं जो अधिकृत नहीं है वे लोग उसे स्वतः हटा लें अन्यथा चेकिंग के दौरान पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी.