पोखरे में युवक का उतराया हुआ मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव के पास पोखरे में एक युवक का उतराया हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. वही सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोखरे से बाहर निकाला. मौके पर जुटी भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ हंगामा करने लगी, और पुलिस को शव देने से इंकार करने लगे. परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका जताते हुए हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे. वही पुलिस ने लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया.

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी 35 वर्षीय महेंद्र प्रजापति रविवार की देर रात्रि घर से बाहर दोस्तों के साथ निकला था. समय से घर नही पहुंचने पर परिजन उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे. वही परिजनों और रिश्तेदारों द्वारा महेंद्र प्रजापति की खोजबीन के दौरान सोमवार को गांव के ही पोखरे के किनारे महेंद्र की साइकिल और चप्पल बरामद हुआ. अनहोनी की आशंका से भयभीत परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया. सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई. पुलिस टीम व स्थानीय गोताखोरों द्वारा पोखरे की तलाश की गई तो पोखरे में मैना उर्फ महेंद्र प्रजापति का शव बरामद हुआ. शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे. तनावपूर्ण स्थिति को देख कर सीओ सदर राजेश राय सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गए. और ग्रामीणों को समझाने बुझाने के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदत से पोखरे से शव को निकालकर शव को कब्जे में लेते हुए पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया.
इस बाबत सीओ सदर राजेश राय ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर निवासी सुक्खू प्रजापति ने सूचना दिया कि उसका भाई महेंद्र प्रजापति रात के एक बजे गांव के कुछ लोगों के साथ पोखरे के किनारे चबूतरे पर शराब पिया. उसके बाद से वह नही मिल रहा है. इस सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज कराए हुए प्रभारी निरीक्षक द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी. इस दौरान गांव के ही तालाब किनारे साइकिल और चप्पल प्राप्त हुआ. इस आधार पर तालाब में तलाश कराई गई तो गुमशुदा महेंद्र प्रजापति का शव बरामद हुआ है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी.


















