इन्वर्टर की बैटरी में पानी डालते समय करंट की चपेट में आये युवक की मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

44

इन्वर्टर की बैटरी में पानी डालते समय करंट की चपेट में आये युवक की मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

चंदौली : सकलडीहा थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक इन्वर्टर की बैटरी में पानी डाल रहा था, इसी दौरान वह विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान दीपक तिवारी (28) के रूप में हुई है। बताया गया कि दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित मृतक के घर पहुंच गए और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। अचानक हुए हादसे से हर कोई स्तब्ध नजर आया।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।