अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान करने गया युवक तेज बहाव में डूबा, तलाश जारी

25

अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान करने गया युवक तेज बहाव में डूबा, तलाश जारी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के स्थानीय गंगा तट पर शुक्रवार की शाम अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक की गंगा में स्नान करते समय तेज बहाव में डूबने से लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस ने निजी गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार, चंदौली कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी उदल राम की पत्नी का शुक्रवार को बीमारी के कारण निधन हो गया था। परिजन व ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार के लिए बलुआ घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुल्तानपुर निवासी 30 वर्षीय लवकुश पुत्र बेचन राम गंगा में स्नान करने लगा।

बताया जाता है कि गंगा में इस समय तेज बहाव है। स्नान के दौरान लवकुश गहरे पानी की ओर चला गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे आगे जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह तेज धारा की चपेट में आकर गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और निजी गोताखोरों को बुलाकर गंगा में युवक की तलाश शुरू कराई। हालांकि, तेज बहाव के कारण गोताखोरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और देर तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल पाया।

बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि युवक की तलाश कराई गई, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है। तलाश का प्रयास जारी है। आसपास के ग्रामीणों को भी सूचना देकर सहयोग लिया जा रहा है। घटना के बाद युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।