राज्यमंत्री ने मॉडल बाढ़ राहत चौकी का किया निरीक्षण, कटान प्रभावित क्षेत्र का लिया जायजा
चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। शासन के निर्देश पर जिले में बाढ़ से बचाव एवं राहत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने चहनियां क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नदेसर, मारूफपुर स्थित मॉडल बाढ़ राहत चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन को पहले से ही अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ राहत चौकियों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ आने की स्थिति में सरकार और प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह तैयार है तथा किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को पहले से चिन्हित किया जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित आवश्यक टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने हसनपुर तीरगांव की निषाद बस्ती में कटान प्रभावित क्षेत्र का भी जायजा लिया। उन्होंने मौके पर कटान की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व राज्यमंत्री का स्वागत बाबा कीनाराम वैष्णव मठ रामशाला, मारूफपुर के पुजारी तिलकधारी जी महाराज एवं दुर्गेश पांडेय ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सीएम गर्ग, एडीएम राजेश कुमार, एसडीएम आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अजय सिंह, बीडीओ जावेद अख्तर, बीडीओ विजय सिंह, कानूनगो बृजेश मिश्रा, लेखपाल चंदन यादव, दिवस कुमार, एडीओ नित्यानंद सिंह, सेक्रेटरी अतुल यादव, प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


















