50 हजार का इनामी वांछित गिरफ्तार, अवैध असलहा और कारतूस बरामद
चंदौली : धीना थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और लैंगिक अपराध के मामले में वर्ष 2018 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और लैंगिक अपराध के आरोप में धीना थाने में मुकदमा अपराध संख्या 04/2018 के तहत धारा 363, 366, 376 भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में लगातार फरार रहने और न्यायालय के आदेश के बावजूद उपस्थित न होने पर अभियुक्त के खिलाफ धारा 174-ए भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस टीम को 13 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त महुजी तिराहा, जमानिया बॉर्डर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट निवासी ग्राम कुशहां, थाना धीना, जनपद चंदौली के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के संबंध में धीना थाने में मुकदमा अपराध संख्या 73/2026, धारा 3/25 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह पुलिस से बचने के लिए छिपकर रह रहा था। पुलिस टीम को देखकर इसी डर से उसने भागने का प्रयास किया। उसके अनुसार, बरामद असलहा उसने अपनी सुरक्षा के लिए बिहार से खरीदा था।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पतई राम, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अमित मिश्रा और कांस्टेबल अमित दुबे शामिल रहे।


















