विकास के नाम पर धांधली का आरोप, बदहाल सफाई व्यवस्था से भड़के ग्रामीण, जलनिकासी ठप होने से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

22

विकास के नाम पर धांधली का आरोप, बदहाल सफाई व्यवस्था से भड़के ग्रामीण, जलनिकासी ठप होने से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

चंदौली : विकास खंड चकिया के ग्राम सभा दिरेहु में बदहाल सफाई व्यवस्था और जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव में जगह-जगह गंदगी के ढेर, जाम नालियां और सड़कों पर बहता गंदा पानी ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। लोगों का आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर भारी अनियमितता बरती गई है, जिससे पूरे गांव की स्थिति बद से बदतर हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि नालियों का निर्माण बिना किसी समुचित योजना के कराया गया, जिसके कारण जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। नालियां जाम होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने विकास कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सफाईकर्मी नियमित रूप से गांव में सफाई नहीं करते और केवल उपस्थिति दर्ज कराकर लौट जाते हैं, जिससे पूरे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

इसके अलावा ग्रामीणों ने बताया कि गांव का सामुदायिक शौचालय भी वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। शौचालय की देखरेख करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्होंने कार्य बंद कर दिया है, जिससे शौचालय पर ताला लटका हुआ है और ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जलनिकासी और सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो गांव के लोग आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान रामलाल गुप्ता, कैलाश गुप्ता, प्रकाश, धनरा देवी, सुनीता रानी, दिनेश वर्मा, संदीप मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।