₹25 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, लूट की रकम भी बरामद
चंदौली : मुगलसराय थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की घटना में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से बचे ₹2300 नकद बरामद किए हैं। वहीं जिस मोटरसाइकिल से वह चल रहा था, उसके वैध अभिलेख प्रस्तुत न कर पाने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को वाराणसी की शक्ति इंटरप्राइजेज के सेल्समैन विभिन्न दुकानों से कलेक्शन कर नगदी से भरा बैग लेकर मोपेड से लौट रहे थे। ग्राम चौरहट स्थित रामनगर-वाराणसी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से आए करीब पांच बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना मुगलसराय पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आकाश यादव का नाम प्रकाश में आने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इस लूटकांड में शामिल अन्य पांच अभियुक्तों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
रविवार को थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित अपराधियों की तलाश और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी अभियुक्त मुगलसराय रेलवे स्टेशन के आसपास अपने एक साथी से मिलने आया है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकाश यादव (22) पुत्र शिवशंकर यादव, निवासी सराय नंदन खोजवा, थाना भेलूपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि 21 मई की लूट की घटना में उसे अपने साथियों के साथ कुल ₹17 हजार हिस्सा मिला था। उसमें से अधिकांश धनराशि खर्च हो चुकी है तथा केवल ₹2300 शेष बचे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया।


















