उमस भरी गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल, दो-दो घंटे की रोस्टिंग और लगातार ट्रिपिंग से बढ़ी परेशानी
चंदौली : जिले में इन दिनों पड़ रही उमस भरी गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। खासकर चहनियां और सुरतापुर पावर हाउस से जुड़े दर्जनों गांवों में लगातार बिजली की आवाजाही से आमजन के साथ-साथ किसान भी खासे परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन और रात में दो-दो घंटे की रोस्टिंग के साथ बार-बार ट्रिपिंग होने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बिजली कटने से पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसानों का आरोप है कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है, जिससे खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब भी पावर हाउस के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है तो सीयूजी नंबर तक रिसीव नहीं किया जाता। यदि किसी तरह संपर्क हो भी जाए तो अधिकारी यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं कि “ऊपर से बिजली कट रही है।” इससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान के बजाय टालमटोल का रवैया अपना रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर उन आदेशों का पालन नहीं हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि चहनियां और सुरतापुर पावर हाउस से हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। साथ ही अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


















