खण्डवारी में पाइपलाइन शिफ्टिंग की उठी मांग, 100 से अधिक घरों की जलापूर्ति प्रभावित
चंदौली : जल जीवन मिशन के तहत संचालित ‘हर घर जल’ योजना का लाभ ग्रामीणों तक निर्बाध रूप से पहुंचे, इसे लेकर खण्डवारी ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने जनहित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता विवेक कुमार से मुलाकात कर पाइपलाइन शिफ्टिंग की मांग उठाई। उन्होंने इस संबंध में लिखित शिकायत सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ग्राम सभा खण्डवारी में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन सड़क चौड़ीकरण की जद में आने से कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते लगभग 100 घरों में नल से जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि रानेपुर से खण्डवारी त्रिमुहानी तक सड़क और नाली के बीच दोनों ओर नई पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि भविष्य में सड़क निर्माण से किसी प्रकार की समस्या न हो तथा ग्रामीणों को नियमित पेयजल आपूर्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल’ योजना तभी सफल होगी, जब प्रत्येक परिवार तक बिना बाधा स्वच्छ पेयजल पहुंचे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) विवेक कुमार ने प्रधान प्रतिनिधि को आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर पाइपलाइन शिफ्टिंग का एस्टीमेट तैयार कर लोक निर्माण विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही कार्यदायी संस्था द्वारा पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू कराकर जलापूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विभाग शीघ्र कार्रवाई कर प्रभावित परिवारों को राहत देगा, जिससे सरकार की जल जीवन मिशन योजना का लाभ प्रत्येक घर तक सुचारु रूप से पहुंच सके।
इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता के साथ उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (युवा प्रकोष्ठ) चंदौली के जिला मंत्री भी मौजूद रहे। दोनों ने संयुक्त रूप से अधिकारियों से मुलाकात कर जनहित में पाइपलाइन शिफ्टिंग की मांग उठाई और ग्रामीणों को जल्द से जल्द निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।


















