श्रावण मास की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक कार्ययोजना

20

श्रावण मास की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक कार्ययोजना

चंदौली : आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पार्किंग, डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मार्गों पर मौजूद सभी गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, सड़क किनारे खुले नालों को ढंकवाया जाए तथा पूरे कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु जनपद के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई, पर्याप्त पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा तथा पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी रखते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति पूरी संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।