‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विधायक कैलाश आचार्य ने किया पौधारोपण
चंदौली : पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चकिया रेंज के अंतर्गत बुधवार को ‘वन महोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर रसिया रोपावनी क्षेत्र में ‘एक पेड़ मां के नाम’ वैश्विक अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने पीपल, बरगद और पाकड़ के पवित्र संगम से बनने वाले ‘हरिशंकरी’ के पौधों का रोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपनी मां के समान स्नेह, संरक्षण और नियमित देखभाल देना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें जीवित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे के नेतृत्व में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने औषधीय तथा छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान उप वन क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे, वन दारोगा रामअशीष भारती, वन दारोगा जसवंत सिंह सहित चकिया रेंज के समस्त वन कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया। वन महोत्सव के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूक भी किया गया।


















