अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, मंत्री अनिल राजभर ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

36

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, मंत्री अनिल राजभर ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

चंदौली : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर में श्रम एवं सेवायोजन एवं समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में भव्य योग शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी अभय सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि योग दिवस को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिसका परिणाम बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के रूप में दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है।

योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित लोगों ने कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग) पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग आज दुनिया का सबसे बड़ा सामूहिक उत्सव बन चुका है, जो विभिन्न देशों और संस्कृतियों को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘हेल्दी एजिंग’ केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर आयु वर्ग के लिए आवश्यक है। उन्होंने लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभितोष मिश्रा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।