आम तोड़ने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

48

आम तोड़ने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

चंदौली : जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र में आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 5 जून 2026 को थाना बलुआ क्षेत्र के ग्राम रमदत्तपुर पट्टी में आम तोड़ने को लेकर अमित कुमार कुशवाहा और कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अमित कुमार पर उस्तरा, कैंची और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बलुआ में मुकदमा संख्या 161/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई।

सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मैनुअल सूचना और सर्विलांस साक्ष्यों के आधार पर रविवार को सैदपुर-तिरगांवा गंगा पुल के पास से मुख्य आरोपी जयचन्द उर्फ चन्द्रलोक (20 वर्ष) निवासी ग्राम रमदत्तपुर पट्टी, थाना बलुआ को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि आम तोड़ने की बात को लेकर अमित कुमार कुशवाहा से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उस्तरा, कैंची और लाठी-डंडों से उसके सिर पर कई वार किए। घायल युवक को मृत समझकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना में प्रयुक्त उस्तरा, कैंची और लाठी-डंडे को पुलिस कार्रवाई के डर से तिरगांवा के पास गंगा नदी में फेंक दिया गया था।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध इसी घटना के संबंध में थाना बलुआ में मुकदमा संख्या 161/2026 पंजीकृत है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी मारूफपुर उपनिरीक्षक अमित सिंह, उपनिरीक्षक कमला यादव, हेड कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह तथा हेड कांस्टेबल संतोष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।