रेकी से चोरी और बिहार में बिक्री! चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़ 

78

रेकी से चोरी और बिहार में बिक्री! चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़

चंदौली : जनपद में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चंदौली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी कर बाइक चोरी करते थे और बाद में नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बिहार में शराब तस्करों को बेच देते थे।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, दो चोर पहले दबोचे गए

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस टीम 6 जून को धरौली-बिहार मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर बैरियर लगाकर जांच शुरू की गई।
कुछ देर बाद अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। वे वाहनों के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। तकनीकी जांच और चेसिस नंबर के सत्यापन में दोनों बाइक चोरी की निकलीं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छबीले राजभर और अभिषेक कुमार उर्फ फौजी, निवासी कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि उनके अन्य साथी भी चोरी की बाइक लेकर पीछे आ रहे हैं।

घेराबंदी कर तीन और बदमाश गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस ने नवीन मंडी और नवही मार्ग पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद तीन युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों से पहुंचे। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

इनकी पहचान शुभम कुमार, विशाल राय और राहुल राय के रूप में हुई। जांच में इनके कब्जे से मिली बाइक भी चंदौली, सैयदराजा और सकलडीहा थाना क्षेत्रों से चोरी की पाई गईं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि एक चोरी की मोटरसाइकिल खराब होने के कारण मझवार रेलवे स्टेशन परिसर में छोड़ दी गई थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वहां से भी बाइक बरामद कर ली।

ऐसे काम करता था गिरोह

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अस्पताल, कचहरी, बाजार, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों की पहले रेकी करते थे। जहां लोग अपनी बाइक खड़ी कर चले जाते थे, वहां मौका मिलते ही वाहन चोरी कर लेते थे।

चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी ताकि पहचान न हो सके। इसके बाद वाहनों को बिहार में शराब तस्करों के हाथ बेच दिया जाता था। तस्कर इन बाइकों का इस्तेमाल अवैध शराब की तस्करी में करते थे और पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन छोड़कर फरार हो जाते थे।

बरामद हुईं 6 चोरी की मोटरसाइकिलें

पुलिस ने गिरोह के कब्जे से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें स्प्लेंडर, प्लेटिना और पल्सर जैसी बाइक शामिल हैं। बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों से मिलान किया जा रहा है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना चंदौली में मु0अ0सं0 290/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2), 317(4) और 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप, वीरेन्द्र कुमार, रावेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।