सड़क चौड़ीकरण के दौरान मलबा हटाते समय बड़ा हादसा, मजदूर की दबकर मौत, साथी गंभीर घायल

40

सड़क चौड़ीकरण के दौरान मलबा हटाते समय बड़ा हादसा, मजदूर की दबकर मौत, साथी गंभीर घायल

चंदौली : जिले के मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान ध्वस्त कराई गई एक कपड़े की दुकान का मलबा हटाते समय शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला महिला राजकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार पड़ाव से मुगलसराय तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कई मकानों और दुकानों को हाल ही में ध्वस्त कराया गया था। शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्टेशन के सामने स्थित एक कपड़े की दुकान का मलबा ठेके पर हटाया जा रहा था।

मलबा हटाने के दौरान अचानक ढेर भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में वाराणसी के बजरडीहा निवासी 29 वर्षीय मोहम्मद अली और 20 वर्षीय सद्दाम दब गए। घटना के समय उनके साथ मौजूद एक अन्य मजदूर चाय लेने गया हुआ था। वापस लौटने पर उसने दोनों को मलबे में दबा देखा और शोर मचाया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। सूचना पर एसडीएम राजीव सक्सेना और मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।

दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला महिला राजकीय अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सद्दाम का इलाज जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबा हटाने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।