छात्र बने डकैत! जल्दी अमीर बनने की चाहत में वारदात, चन्दौली पुलिस ने किया सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा

236

छात्र बने डकैत! जल्दी अमीर बनने की चाहत में वारदात, चन्दौली पुलिस ने किया सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा

चंदौली : जल्दी पैसा कमाने और महंगे शौक पूरे करने की चाहत ने चार छात्रों को अपराध की राह पर धकेल दिया। मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से 60 हजार रुपये नकद, दो बाइक, चार मोबाइल फोन तथा लूटा गया बैग बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, वाराणसी के जुगुल टोला मछोदरी निवासी महताब अहमद ने 21 मई को मुगलसराय थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह फर्म का पैसा दुकानदारों से वसूली कर मोपेड से वाराणसी लौट रहे थे। उनके बैग में करीब 1.34 लाख रुपये थे। ग्राम चौरहट के पास दो बाइक पर सवार पांच युवकों ने पीछे से धक्का देकर उन्हें गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर ओपी गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चार आरोपितों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान आर्यन श्रीवास्तव निवासी सीर गोवर्धन, शिवांग पांडेय निवासी महमूरगंज, मोहम्मद तारिक अंसारी उर्फ आर्यन निवासी मोहनिया कैमूर बिहार (हाल पता सामनेघाट वाराणसी) तथा देव सरकार उर्फ दयाल निवासी ढेलाबीर टिकरी वाराणसी के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका साथी आकाश यादव, जो वसूली का काम करता है, ने मुनीब के हर गुरुवार बड़ी रकम लेकर आने-जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद सभी ने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों ने बताया कि लूट की रकम छह लोगों में बांट ली गई थी और कुछ रुपये खर्च भी कर दिए गए।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक छात्र हैं, लेकिन कम समय में अधिक पैसा कमाने की लालच में अपराध कर बैठे। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।