गंगा पुल से युवक ने लगाई छलांग, अगले दिन मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

96

गंगा पुल से युवक ने लगाई छलांग, अगले दिन मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के गंगा पुल से शनिवार शाम एक 28 वर्षीय युवक द्वारा गंगा में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान शुभम खरवार (पुत्र मुन्ना खरवार), निवासी रामगढ़ के रूप में हुई है। रविवार दोपहर युवक का शव पुल के नीचे गंगा में उतराया मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार शुभम अपने पिता के साथ रामगढ़ में नाश्ते की दुकान चलाता था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वह घर से यह कहकर निकला था कि उसे वाराणसी की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी मिली है और वह वहीं जा रहा है। लेकिन शाम के समय उसने अपनी बाइक बलुआ गंगा पुल के पास खड़ी कर दी और कथित तौर पर गंगा में छलांग लगा दी।

राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची बलुआ थाना पुलिस ने युवक की बाइक कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्राइवेट गोताखोरों और नाव की मदद से करीब चार घंटे तक युवक की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी। रविवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए युवक की हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमिका के परिजनों ने शुभम की हत्या कर शव को गंगा में फेंक दिया।

इसके बाद पुलिस ने बलुआ गंगा स्नान घाट और आसपास के क्षेत्रों में पुनः तलाश अभियान चलाया, जहां दोपहर में युवक का शव पुल के नीचे गंगा में उतराया मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस संबंध में बलुआ एसओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।