सम्पूर्ण समाधान दिवस में पड़े 71 प्रार्थना पत्र, 5 का मौके पर हुआ निस्तारण, डीएम ने तहसीलदार को लगाई कड़ी फटकार.. पढ़े खबर..
चंदौली : जिले में सोमवार को डीएम निखिल टी. फुंडे की अध्यक्षता में चकिया तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया. इसमें पड़े कुल 71 प्रार्थना पत्रों में मौके पर 5 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया. ज्यादातर मामले शौचालय, पेंशन, आवास, राजस्व आदि से संबंधित रहे. वही इलिया थाना क्षेत्र के बरांव ग्राम पंचायत अंतर्गत सिहोरियां मौजा निवासी किसान विक्रम चंद्र गुप्ता की फरियाद को सुनकर तहसीलदार सुभाष चंद्र को तलब कर कड़ी फटकार लगाई. निर्देश दिया कि तत्काल नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व कार्यो की टीम गठित कर भूमि की पैमाइश कराई जाए.
संपूर्ण समाधान दिवस में स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग के द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. डीएम ने तहसील दिवस में मौजूद सभी अधिकारियों को संबंधित प्रार्थना पत्रों का समय रहते गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए. इस दौरान डीएम ने वहां पर उपस्थित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी विभाग का प्रकरण लंबित अगले तहसील दिवस तक पाया जाएगा तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाएगी.
ये रहे मौजूद
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा, पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, डीपीआरओ, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.


















