बलुआ घाट पर सुरक्षा होगी और मजबूत, एसपी आकाश पटेल ने नवनिर्मित जल पुलिस चौकी का किया निरीक्षण

139

बलुआ घाट पर सुरक्षा होगी और मजबूत, एसपी आकाश पटेल ने नवनिर्मित जल पुलिस चौकी का किया निरीक्षण

चंदौली : जनपद में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने थाना बलुआ क्षेत्र के बलुआ घाट स्थित नवनिर्मित जल पुलिस चौकी का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी की आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा जल पुलिस के पास उपलब्ध जीवन रक्षक संसाधनों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गंगा घाटों पर सुरक्षा से समझौता नहीं, जल पुलिस रहे हर वक्त अलर्ट : एसपी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गंगा घाटों पर वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का आवागमन रहता है। विशेष अवसरों, धार्मिक आयोजनों तथा स्नान पर्वों पर भीड़ काफी बढ़ जाती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जल पुलिस को हर समय सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

गंगा में नावों से होगी लगातार पेट्रोलिंग

निरीक्षण के दौरान एसपी ने घाटों पर नियमित जल गश्त (पेट्रोलिंग) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल पुलिस की टीमें नावों के माध्यम से लगातार गश्त करें और विशेष रूप से गहरे पानी वाले क्षेत्रों पर नजर रखें, ताकि किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

खतरनाक घाटों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड, 24 घंटे अलर्ट रहेंगे गोताखोर

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर चिन्हित खतरनाक स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में फ्लोटिंग बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा जाल की व्यवस्था की जाए, जिससे श्रद्धालु और आमजन सुरक्षित सीमा से आगे न जा सकें। इसके साथ ही स्थानीय एवं प्रशिक्षित सरकारी गोताखोरों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रखने तथा उनके पास आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हर समय तैयार रहें जीवन रक्षक उपकरण

एसपी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय रिंग, रस्सियां और अन्य सभी जीवन रक्षक उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी संसाधन हर समय तैयार रहने चाहिए।

घाटों पर सुरक्षा संदेश प्रसारित करने के निर्देश

श्रद्धालुओं को जागरूक करने पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सुरक्षा संबंधी घोषणाएं कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

जल पुलिस चौकी की व्यवस्थाओं पर एसपी संतुष्ट

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकी की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और घाटों पर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर, थाना प्रभारी बलुआ अरुण कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।