जीटीआर पुल के नीचे 9 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

6

जीटीआर पुल के नीचे 9 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

चन्दौली : मुगलसराय थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम गुरुवार को रेलवे लाइन के किनारे गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर पुल के नीचे एक युवक नीले रंग का पिट्ठू बैग लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह भागने लगा, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान निशू कुमार गुप्ता (19 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय विजय कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम खगौल, थाना खगौल, जनपद पटना (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके बैग से 9 बोतल आर.एस., 2 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड तथा 1 बोतल स्मिरनॉफ मिन्टी जामुन (प्रत्येक 750 एमएल) सहित कुल 12 बोतल (9 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह शराब के ठेके बंद होने से पहले शराब खरीदकर रख लेता था और बाद में अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था।

बरामदगी के आधार पर मुगलसराय थाने में मु0अ0सं0 384/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिव पूजन बिन्द, कांस्टेबल अभिषेक कुमार यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार मिश्र तथा रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक प्रभारी पंकज कुमार प्रसाद, कांस्टेबल अशोक कुमार यादव एवं कांस्टेबल अरविन्द यादव शामिल रहे।