अवैध तमंचे के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
चंदौली : जनपद में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार की भोर में बलुआ थाना क्षेत्र के सोनहुला टेढ़की पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ चंदौली, गाजीपुर और लखनऊ सहित कई जिलों में गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, बलुआ थानाध्यक्ष डॉ. आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार तड़के वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध तरीके से भागने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान रवि यादव पुत्र शिवनाथ यादव निवासी कटरिया धरमपुर, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि रवि यादव के खिलाफ गाजीपुर, चंदौली और लखनऊ जिलों में हत्या के प्रयास, अवैध शस्त्र अधिनियम, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि वह किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
थानाध्यक्ष डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में बलुआ थानाध्यक्ष डॉ. आशीष मिश्रा के अलावा उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश सिंह और हेड कांस्टेबल विवेक सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद कई लंबित मामलों के खुलासे की उम्मीद की जा रही है।


















