निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
चंदौली : प्राथमिक शिक्षा को बेहतर आयाम देने के लिए शिक्षकों को निपुण अभियान के लिए तराशा जा रहा है. इसके लिए बीआरसी स्तर पर 6 दिवसीय प्रशिक्षणों का आयोजन चल रहा है. मंगलवार को चहनियां मथेला स्थित बीआरसी में 50-50 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया. इसमें अभियान को साकार करने के लिए अहम बिंदुओं से शिक्षकों को बारीकी समझाई गई.

एआरपी मनोज कुमार गुप्ता, एआरपी हंसराज यादव, एआरपी सुरेंद्र नाथ व एआरपी आत्मप्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में इस प्रशिक्षण को संपन्न कराया गया. आए हुए शिक्षकों को उनके कर्तव्यों के प्रति पहले जहां मौलिक जिम्मेदारी का ध्यान दिलाया गया. वहीं इसके बाद निपुण भारत मिशन की बारीकी बताई गई. बच्चों से संवाद से लेकर जुड़ाव के बीच शैक्षिक स्तर में बढ़ोतरी के बारे में बताया गया. अभिभावकों से भेंट करने के साथ ही प्रत्येक सप्ताह बच्चों में होने वाले सुधारों के अंकन के बारे में बताया गया. बुनियादी भाषा एवं गणित पर आधारित समझ को बच्चों में बढ़ाने के लिए उपलब्ध कराई गई किट की उपयोगिता समझाई गई. इस मौके पर प्रोजेक्टर के जरिये उन बिंदुओं को बताया गया जिससे शिक्षण कार्य आसान व सार्थक बन सकता है. इसके साथ ही प्रत्येक माह आयोजित होने वाली शिक्षक संकुल की बैठक को सुदृढ़ बनाने व प्रशिक्षण के माध्यम से ब्लॉक के समस्त विद्यालयों को वर्ष 2025 तक निपुण बनाने का लक्ष्य रखा गया है.


















