पुत्र की वेदना ने इतना रुलाया कि मां के भी उड़े प्राण पखेरू
गाज़ीपुर से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. होमगार्ड बेटे की मौत के 10 मिनट बाद मां ने भी दम तोड़ दिया. युवक ड्यूटी पर जाने के लिए तैयार हो रहा था, तभी शरीर में तेज दर्द उठा. वह जमीन पर गिर पड़ा. घरवाले जब तक उसे अस्पताल लेकर पहुंचते, तब तक उसकी मौत चुकी थी. मां रोती हुई शव के पास पहुंची. बेटे के चेहरे पर हाथ फेरा, फिर बैठे-बैठे गिर गई. थोड़ी देर में मां ने भी दम तोड़ दिया. मां-बेटे का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने मुखाग्नि दी.
पिता बोले- ड्यूटी पर जा रहा था बेटा, गिरा और उठा नहीं
मामला जमानियां थाना के नगसर नेवाजू राय गांव का है. होमगार्ड मोहन लाल गुप्ता (45) के पिता लखीचंद गुप्ता ने बताया- बुधवार सुबह 10 बजे बेटे की मौत हुई. 10 मिनट बाद पत्नी सरस्वती देवी (80) ने भी दम तोड़ दिया. बेटा रोज की तरह आज भी सुबह उठा. थोड़ी देर बाहर टहलने के बाद नहाने चला गया. पूजा करके मेरे पास आकर बैठा. नाश्ते के लिए बहू ने आवाज लगाई तो हम दोनों नाश्ता करने गए. साथ में मेरी पत्नी भी थी. नाश्ता करने के बाद बेटा तैयार होने चला गया. वो ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी वर्दी पहन चुका था, तभी अचानक कमरे में गिर गया. बहू के चिल्लाने पर हम लोग कमरे में पहुंचे. बेटा कह रहा था शरीर में बहुत तेज दर्द हो रहा है. थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई. अस्पताल ले जाने का मौका तक नहीं मिला.
पत्नी का छोटे बेटे से खास लगाव था
उन्होंने बताया- पत्नी घर के बाहर काम कर रही थी. जैसे ही ये बात उसे पता चली, वो तेज-तेज रोने लगी. बेटे के शव के पास आकर बैठ गई. थोड़ी देर में उनकी भी मौत हो गई. मोहन हमारा सबसे छोटा बेटा था. पत्नी का मोहन से खास लगाव था. बेटे के जाने का गम बर्दाश्त नहीं कर पाई. कुछ साल पहले ही हमने बड़ा बेटा खोया था.
तीन भाइयों में सबसे छोटा था मोहन लाल गुप्ता
बेटे की मौत के बाद बहू सरिता बेसुध है. तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है. मोहन तीन भाइयों में सबसे छोटा था. परिवार में बस एक ही बेटा बचा है. मोहन की सैलरी से ही घर चलता था. अब परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
परिवार को दी जाएगी आर्थिक सहायता
होमगार्ड के सीओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृत होमगार्ड के एक सदस्य को विभाग में नौकरी और पांच लाख की आर्थिक मदद दी जाएगी. इस दौरान जवानों ने अपने साथी को अंतिम विदाई दी.









