जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद, दिनदहाड़े असलहे के बल पर 3.99 लाख की लूट, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नागनपुर गांव के समीप हौसला बुलन्द बदमाशों ने असलहे के बल पर एक मिनी शाखा संचालक से 3.99 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. यह घटना उस समय हुई जब सुनील प्रजापति बैंक से पैसे निकालकर तुलसी आश्रम जा रहा था. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर एसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए.
बताते है कि सुनील प्रजापति पौनी गांव स्थित यूनियन बैंक का मिनी शाखा संचालक है. शनिवार की शाम चार बजे पौनी यूनियन बैंक से 3 लाख 99 हजार रुपये निकाले और जैसे ही नागनपुर गांव के पास पहुंचा की घात लगाए नकाबपोश बदमाशों ने बीच रास्ते बाइक बीच सड़क पर खड़ी कर रोक लिया. जिसके बाद हौसला बुलन्द बदमाशों ने असलहे के बल पर रुपयों से भरा बैग हाथ से छीन लिया और नई बाजार की तरफ फरार हो गए. वही लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई.
पीड़ित के परिजन रामअशीष प्रजापति ने बताया कि घटना उस समय हुई जब सुनील शाखा से लौट रहा था. इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए. पुलिस अब बदमाशों के तलाश में जुटी हुई है. और सीसीटीवी के जरिये उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है.
इस बाबत सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि आज समय करीब शाम चार बजे थाना सकलडीहा के नागनपुर गांव के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक बैंक कर्मी से बैग छीनने की सूचना प्राप्त हुई थी. तत्काल मौके पर पुलिस द्वारा पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण कर तफ्तीश की गई. वादी से तहरीर प्राप्त कर जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा.


















