संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

347

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चकई गांव में रविवार देर रात 23 वर्षीय विवाहिता काजल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। घटना के बाद सोमवार को मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप

मृतका के पिता संजय राम, निवासी सिंगहा गांव, ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री काजल की शादी 8 मार्च 2020 को बलुआ थाना क्षेत्र के चकई गांव निवासी गोविंद उर्फ राजा, पुत्र स्व. सूर्यभान राम से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार की थी। संजय राम का आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद और समधिन दहेज की मांग को लेकर काजल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

प्रधानपति की सुलह के बाद लौटी थी काज़ल

हालात इतने बिगड़े कि गांव के प्रधानपति की मध्यस्थता के बाद दंपति करीब एक वर्ष तक मायके में रहे। दो माह पूर्व दोनों आपसी सहमति से ससुराल लौटे, जहां से कुछ दिन बाद दामाद गोविंद काम के सिलसिले में चंडीगढ़ चला गया। रविवार रात काजल की मौत की सूचना मायके पक्ष को दी गई, जिसमें कहा गया कि उसकी मौत करेंट लगने से हुई है।

काज़ल की मौत पर सस्पेंस

हालांकि, पिता संजय राम का कहना है कि शव देखने पर काजल के गले पर काला निशान और जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे हत्या की आशंका प्रबल होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने गोविंद के मामा और मौसा के लड़कों को बुलाकर साजिशन उसकी हत्या की और फिर करेंट लगने की कहानी गढ़ दी।

काज़ल मौत मामले में FIR दर्ज

मायके पक्ष के हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस पूरे मामले पर बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।