बलुआ घाट पर जल पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शुरू, गंगा तट पर अब होगी सुरक्षा की मजबूत व्यवस्था
चंदौली : जनपद के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर जल पुलिस चौकी के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। यह चौकी गंगा तट पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वर्षों से स्थानीय लोग और श्रद्धालु यहां जल पुलिस व्यवस्था की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होती नजर आ रही है।
भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय की मेहनत लाई रंग
इस जल पुलिस चौकी के निर्माण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अरविंद पाण्डेय की अहम भूमिका रही है। उन्होंने लगातार प्रशासन और संबंधित विभागों से संपर्क कर इस मांग को प्रमुखता से उठाया और अंततः उनकी मेहनत रंग लाई। उन्होंने कहा कि बलुआ घाट पर अक्सर स्नान और धार्मिक आयोजनों के लिए भीड़ उमड़ती है। ऐसे में जल पुलिस की उपस्थिति न केवल अनुशासन बनाए रखेगी, बल्कि दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी सहायक होगी।
गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने दी जानकारी
गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जल पुलिस चौकी के बन जाने से अब गंगा तट पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध होगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल पुलिस चौकी के सक्रिय होने से गंगा तट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक बेहतर होगी।
इस चौकी के निर्माण से न केवल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि यह श्रद्धालुओं के विश्वास को भी बढ़ाएगा। प्रशासन द्वारा इस कार्य को प्राथमिकता देना निश्चित रूप से क्षेत्रवासियों के लिए राहत की बात है।


















