फ्रेशर पार्टी में छात्र-छात्राओं ने मचाया धमाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर बच्चों ने सबका मन मोहा
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के महुअर कलां स्थित शनिवार को राहुल नालेज सीटी में फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी चहनियां डॉ राजेश चतुर्वेदी एवं विशिष्ट अतिथि प्रबन्धक आनंद तिवारी सोनू व डायरेक्टर डॉ शशिभूषण तिवारी ने सर्वप्रथम मां सरस्वती के तैल चित्र पर द्वीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया. वही द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अपने जूनियर छात्र-छात्राओं का जोरदार स्वागत किया. प्रबन्धक आनंद तिवारी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. कॉलेज के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया.

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉक्टर राजेश चतुर्वेदी ने कहा कि छात्र जीवन बहुत कठिन होता है. किंतु आगे चलकर कैरियर मिलने पर यही जीवन काम आता है. पहले के जमाने से आज के डिजिटल में पढ़ाई बहुत ही आसान है. पहले गुरुकुल पद्धति से जो पढ़ाई होती थी वह और भी कठिन थी. छात्र अपना परिवार छोड़कर वर्षों लक्ष्य के लिए त्याग करते थे. आज सब कुछ आसान है. छात्र जीवन बहुत ही अनमोल होता है इसे गंवाए नहीं, यहां प्रेशर पार्टी में हर छात्र-छात्राओं को सीख लेनी चाहिए.

कॉलेज के प्रबंधक सोनू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान ने अपनी नवीन शिक्षण पद्धतियों, शैक्षणिक कौशल और जीवंत छात्र समुदाय के माध्यम से निरंतर प्रगति की है. उन्होंने सभी छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम के अंत में मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर का चुनाव किया गया. विजेता अश्विन मिस्टर फ्रेशर 2024 व सोनल मिस फ्रेशर 2024 बने. वही कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों और मिस फ्रेशर्स को प्रबंधक आनंद तिवारी सोनू ने अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रवीण श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, प्रेमलता मौर्य, लाल बहादुर तिवारी, श्वेता सिंह, राम आशीष राय, रमेश यादव, साधना सिंह सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे.


















