चंदौली में मंदिर-मस्जिदों पर सख्ती, हटाए गए अवैध लाउडस्पीकर
चंदौली : जिले में उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार अवैध लाउडस्पीकर के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. डीएम निखिल टी. फुंडे व एएसपी अनिल कुमार यादव ने जिले के विभिन्न धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों का दौरा किया और अवैध लाउडस्पीकरों की जांच की. अभियान के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति के लाउडस्पीकर न लगाए जाएं. अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए.
दरअसल उत्तर प्रदेश शासन ने अवैध लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए हैं. जिसके तहत प्रशासनिक वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में अभियान चलाया गया. जिसमें डीएम निखिल टी. फुंडे ने एएसपी अनिल कुमार यादव के साथ सैयदराजा, नौबतपुर, चंदौली सदर के विभिन्न धार्मिक सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया. वही एसडीएम सकलडीहा अनुपम मिश्रा ने सकलडीहा के दो मस्जिदों में परमिशन के अतिरिक्त स्पीकर हटाने हेतु धर्मगुरुओं से वार्ता कर उन्हें कन्वेंस किया. इसी क्रम में एसडीएम चकिया दिव्या ओझा सीओ के साथ अपने अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विभिन्न धार्मिक स्थलों का जायजा लिया. इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के थाना प्रभारी भी अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहे.
इस बाबत डीएम निखिल टी. फुंडे ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में मंदिर-मस्जिद एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध लाउडस्पीकर हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है. तय सीमा से अधिक ध्वनि वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं स्कूल कॉलेज के छात्र छात्राओं के अध्ययन में बाधा बनता है. इसलिए मानक के विपरीत तेज आवाज में लाउडस्पीकर बज रहा है तो उसे हटवाने के साथ ही सम्बंधित के विरुद्ध कारवाई की जाएगी. इसके साथ ही गीत संगीत के कार्यक्रमों में तय मानक से अधिक आवाज तथा निर्धारित समय के बाद लाउडस्पीकर कदापि न बजाया जाए.


















