प्रभुपुर गांव में कुंआ से युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव में बृहस्पतिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक कुंआ में 18 वर्षीय युवक का शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पाकर बलुआ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुंआ से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान प्रिंस खरवार (18) पुत्र उमाशंकर खरवार, निवासी ग्राम प्रभुपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लापता युवक की तलाश में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार प्रिंस 19 जनवरी 2026 को घर से कहीं बाहर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 20 जनवरी को थाना बलुआ में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस युवक की तलाश में जुट गई थी।
कुंआ के पास मोबाइल व चप्पल मिलने पर खुला राज
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को गांव के ही किसी व्यक्ति ने कुंआ के पास मृतक का मोबाइल फोन और चप्पल देखी। इस पर उसने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन कुंआ के पास पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुंआ से शव निकलवाया। मृतक के पिता उमाशंकर खरवार मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं और घटना के समय वह घर आए हुए थे। मृतक की मां का नाम चंदा देवी है। परिवार में बड़ा भाई अनुज कुमार है, जबकि प्रिंस दो भाइयों में सबसे छोटा था।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौके की स्थिति सामान्य है और कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वही घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दुखद हादसे से स्तब्ध नजर आ रहा है।









