डेरवा में गूंजा हिन्दू स्वाभिमान, प्रवीण तोगड़िया के हुंकार से सजी भव्य सनातन सभा
चंदौली : बलुआ क्षेत्र के डेरवा गांव में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय महिला परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता, साधु-संत एवं ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सम्मेलन के मुख्य अतिथि हिन्दू हृदय सम्राट, राम मंदिर आंदोलन के नायक एवं प्रख्यात कैंसर सर्जन प्रवीण भाई तोगड़िया का आयोजकों द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया।
आंदोलन के सच्चे नायकों को श्रद्धांजलि – आयोजक मंडल
आयोजन की अगुवाई कर रहे अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष कौलेश्वर पाण्डेय एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन करते हुए राम मंदिर आंदोलन से जुड़े सभी साधु-संतों, सनातनियों, हिन्दुओं और कारसेवकों के प्रति आभार प्रकट किया।
“संघर्ष, बलिदान और संकल्प से बना राम मंदिर” – प्रवीण तोगड़िया
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि राम मंदिर निर्माण केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि दशकों के संघर्ष, त्याग, बलिदान और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए लाखों कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया, खून-पसीना बहाया और अनेक लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि 1979 से राम मंदिर आंदोलन की घोषणा हुई, 1990 के दशक में कारसेवा के दौरान संघर्ष अपने चरम पर था और उस दौर में हिंदू समाज को जागरूक करने के लिए देशभर में गांव-गांव जाकर अभियान चलाया गया।
दिल में जज्बा हो तो कुछ भी असंभव नहीं
तोगड़िया ने कहा कि “दिल में जज्बा हो तो कुछ भी असंभव नहीं है। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर उसी संकल्प और बलिदान का प्रतीक है।” उन्होंने समाज से आह्वान किया कि गांव-गांव, गली-गली हनुमान चालीसा, हर-हर महादेव और सनातन संस्कृति की गूंज को और मजबूत किया जाए तथा हिन्दू समाज संगठित होकर अपनी परंपरा, संस्कृति और मूल्यों की रक्षा करे।
हिन्दू जागरण से ही समाज का कल्याण
राष्ट्रीय महिला परिषद की रजनी बहन का आह्वान
हिमाचल प्रदेश से आईं राष्ट्रीय महिला परिषद की प्रतिनिधि रजनी बहन ने कहा कि जब तक हिन्दू समाज जागरूक और संगठित नहीं होगा, तब तक राष्ट्र और समाज की रक्षा संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, गौ-संरक्षण और सामाजिक मूल्यों की रक्षा पर जोर देते हुए हिन्दू हेल्पलाइन के माध्यम से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी, डॉ. विवेक जायसवाल, गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, संकठा राजभर, दीनानाथ पाण्डेय, रामप्यारे पाण्डेय, लवकुश, शिवम दुबे, डॉ. राधाकांत पाठक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र पाण्डेय ने किया।
हिन्दू एकता के नारों से गूंजा वातावरण
सम्मेलन के अंत में राष्ट्र, धर्म और समाज की एकता, सुरक्षा एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम, हर हर महादेव और हिन्दू एकता के नारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे डेरवा गांव और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सनातन चेतना से ओतप्रोत नजर आया।









