50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर सख्त निर्देश

36

50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर सख्त निर्देश

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स और त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था एवं सरकारी भवनों सहित सभी प्रमुख परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया।

कार्य में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए यू.पी. प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन, राजकीय निर्माण निगम सहित संबंधित संस्थाओं को चेतावनी दी गई तथा कुछ परियोजनाओं में देरी पर शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। गंगा तट पर कटान निरोधक कार्य, आईटीआई में आवासीय भवन, कस्तूरबा विद्यालय, सॉलिड वेस्ट प्लांट, अग्निशमन केंद्र एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति तेज करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी अधिकारी नियमित निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।