बोलेरो पिकअप से हो रही थी गोवंश की तस्करी, पुलिस मुठभेड़ में एक घायल, आठ गोवंश बरामद
चंदौली : थाना इलिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश तस्करी की कोशिश नाकाम कर दी। गुरुवार की देर रात नियमित चेकिंग और गश्त के दौरान इलिया थानाध्यक्ष को मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो पिकअप वाहन (संख्या– UP64BT 4656) से गोतस्कर अवैध रूप से गोवंशों को अहरौरा से बिहार की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और खझरा पहाड़ी के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।
जैसे ही पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, उसमें सवार तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान सोनू अंसारी पुत्र स्वर्गीय तस्लीम अंसारी निवासी अहरौरा, थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर के रूप में हुई। उसे पैर में गोली लगी है। वहीं, उसका साथी छोट्टू यादव मौका पाकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस ने मौके से घायल सोनू अंसारी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही बोलेरो पिकअप में लादे गए आठ गोवंश भी सुरक्षित बरामद किए गए, जिन्हें नजदीकी गौशाला भेजा जा रहा है। वही घायल तस्कर को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए चकिया अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके से फरार अभियुक्त की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना इलिया में इस प्रकरण पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस पूरी घटना के बावजूद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
यह कार्रवाई न केवल गोवंश तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश देती है बल्कि पुलिस की तत्परता और सतर्कता का भी प्रमाण है।


















