महिला खिलाड़ियों से मिले अधिकारी, मिशन शक्ति के तहत दिलाया आत्मनिर्भरता का संदेश

51

महिला खिलाड़ियों से मिले अधिकारी, मिशन शक्ति के तहत दिलाया आत्मनिर्भरता का संदेश

चंदौली : प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित व सशक्त वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से जनपदीय पुलिस द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने थाना बबुरी अंतर्गत एक स्कूल में चल रही सीबीएसई हैंडबॉल नेशनल चैम्पियनशिप का दौरा किया।

कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की 21 टीमों और अंतरराष्ट्रीय स्तर से आईं 06 टीमों (यूएई, कतर, ओमान, कुवैत सहित दो अन्य देशों) की महिला खिलाड़ियों से भेंट की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण व आत्मनिर्भरता को लेकर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।

खिलाड़ियों को बताया महिला सुरक्षा का मंत्र

सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने का माध्यम हैं।

साथ ही उपस्थित जनसमूह को महिलाओं से जुड़े प्रमुख कानूनों की जानकारी भी दी गई। इसमें घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान थाना बबुरी में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र का भी परिचय कराया गया। इसके उद्देश्य, कार्यप्रणाली और महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि जनपदीय पुलिस महिलाओं और बालिकाओं के साथ जुड़कर उन्हें सुरक्षित वातावरण देने के साथ-साथ आत्मविश्वास से भरपूर जीवन जीने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।