सेवढी हुदहुदीपुर में दिखा विकास का नया रूप, अपर प्रबंध निदेशक ने किया स्थलीय निरीक्षण
चंदौली : गांव अब सिर्फ नाम मात्र की पहचान नहीं, बल्कि विकास की नई परिभाषा बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में चहनियां ब्लॉक के सेवढी हुदहुदीपुर और रमौली गांवों का शनिवार को राज्य परिवहन के अपर प्रबंध निदेशक राम सिंह वर्मा ने दौरा किया। यह दौरा नीति आयोग के निर्देशानुसार किया गया था। उन्होंने गांव में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रभाव को देख कर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले वर्मा रमौली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सामुदायिक शौचालय, विद्यालय परिसर में बनाए गए दिव्यांगजनों हेतु शौचालय और पंचायत भवन की अवस्थाओं को देखा। साफ-सफाई, रखरखाव और उपयोगिता को देखकर उन्होंने संतोष जताया।
इसके उपरांत सेवढी हुदहुदीपुर गांव का दौरा किया गया, जहां ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह द्वारा कराए गए अनेक नवाचारी और जनहितकारी कार्यों ने अधिकारियों का ध्यान खींचा। निरीक्षण में प्रमुख रूप से पंचायत भवन, समुचित सफाई व्यवस्था, डॉक्टर राम मनोहर लोहिया पुरस्कार से सम्मानित अत्याधुनिक मॉडर्न लाइब्रेरी, ऐतिहासिक भावनाओं से जुड़े छत्रिय सम्राट महाराजा सुहेलदेव अमृत सरोवर और महाराणा प्रताप अमृत सरोवर, खाद्य व रसद विभाग का आधुनिक राशन गोदाम, सामुदायिक शौचालय, मनरेगा पार्क, पूर्व माध्यमिक विद्यालय की स्वच्छता, पशु चिकित्सालय तथा दिव्यांग शौचालय शामिल थे।

जमीन पर दिखा विकास, प्रधान को मिली सराहना
गांव में हुए विकास कार्यों को देखकर श्री वर्मा ने खुले दिल से ग्राम प्रधान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “अक्सर विकास कार्य फाइलों में ही रह जाते हैं, लेकिन यहां तो हर कार्य धरातल पर स्पष्ट दिख रहा है। प्रधान द्वारा किया गया कार्य अनुकरणीय है और इसकी जितनी सराहना की जाए, कम है।” इस मौके पर ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह ने अतिथि राम सिंह वर्मा को पारंपरिक अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
कई विभागीय अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जनपद के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें डीसी मनरेगा रविन्द्र कुमार चतुर्वेदी, खंड विकास अधिकारी प्रकाश प्रसाद, खण्ड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सहाय, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार, आरओ विक्रांत सिंह, सीडीपीओ प्रशांत कुमार, नीति आयोग की प्रतिनिधि शिवांगी, एडीओ पंचायत राकेश दीक्षित, एडीओ आईएसबी नित्यानंद सिंह, तकनीकी सहायक दीनानाथ यादव, ग्राम विकास अधिकारी आनंद कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार, सोनाली मिश्रा सहित अन्य विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।
ग्राम विकास की मिसाल बनता गांव
सेवढी हुदहुदीपुर गांव अब विकास की मिसाल बनता जा रहा हैं। यहां की योजनाएं और क्रियान्वयन अन्य गांवों के लिए आदर्श प्रस्तुत कर रही हैं। ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह की दूरदर्शिता, कार्यकुशलता और जनसेवा भावना ने ग्रामीण विकास की तस्वीर ही बदल दी है।


















