चकिया के परिषदीय विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया ‘नवआरंभ उत्सव 2026’
चंदौली : विकासखंड चकिया के परिषदीय विद्यालयों में बुधवार को ‘नवआरंभ उत्सव 2026’ पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में बच्चों का भव्य स्वागत किया गया।
प्राथमिक विद्यालय टकटकपुर, कोदोचक, हिनौती, दक्षिणी लठिया, गरला रामपुर तथा कंपोजिट विद्यालय सिकंदरपुर और गणेशपुर सहित अनेक विद्यालयों को रंग-बिरंगी रंगोलियों, फूलों, गुब्बारों और आकर्षक बैनरों से सजाया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गईं, जहां नवप्रवेशी छात्रों का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा और तालियों की गूंज के बीच अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वागत भाषण के माध्यम से अभिभावकों और बच्चों को विद्यालय में नामांकन के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने नए शैक्षिक सत्र की योजनाओं और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बच्चों को शिक्षा के प्रति उत्साहित किया।

उत्सव के दौरान बच्चों के लिए कई रोचक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें गीत, कविता, नृत्य प्रस्तुति, चित्रकला एवं रंग भरने की प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताओं जैसे म्यूजिकल चेयर और दौड़ ने बच्चों के उत्साह को और बढ़ाया। ‘मेरा पहला दिन स्कूल में’ विषय पर बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे माहौल भावुक और प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को शैक्षिक सामग्री जैसे पुस्तकें, कॉपियां, बैग और यूनिफॉर्म वितरित की गईं। साथ ही मिठाई, चॉकलेट, टॉफी और ताजे मौसमी फल देकर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान अभिभावकों से संवाद करते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता और शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया गया।

नवआरंभ उत्सव के बारे में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के सकारात्मक और आनंदमय माहौल से निश्चित रूप से बच्चों के नामांकन में वृद्धि होगी, ठहराव को गति मिलेगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, विशेषकर बच्चों की माताएं नीतू देवी, गीता देवी, जानकी देवी, माधुरी देवी, रेखा देवी, सुमन देवी, सोनी देवी, पिंगला देवी, पूनम देवी, रेनु देवी और अंजू देवी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश भारती, सहायक अध्यापक ओमप्रकाश, विवेक सिंह, इमरान अली, शीला देवी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ती धर्मशिला देवी सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।
कुल मिलाकर ‘नवआरंभ उत्सव 2026’ ने न केवल बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह बढ़ाया, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा के नए सत्र की शानदार शुरुआत की।


















