मोहरगंज में मारपीट मामले में खुशबू किन्नर समेत कई पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

171

मोहरगंज में मारपीट मामले में खुशबू किन्नर समेत कई पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज बाजार में पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने खुशबू किन्नर समेत कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपित खुशबू किन्नर फिलहाल जेल में बंद है।

करी (धानापुर) गांव निवासी आशीष यादव पुत्र पंकज यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व वह अपने भाई आशुतोष के साथ मोहरगंज बाजार खरीदारी करने गया था।

इसी दौरान खुशबू किन्नर, बाबूलाल और उनके साथ आए आठ-दस अन्य लोगों ने जबरन पैसे की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने अभद्रता की और मना करने पर लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया। हमले में आशीष यादव के सिर पर गंभीर चोट आई।

घटना के बाद उनके भाई और आसपास के ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद हालत में सुधार हुआ। स्वस्थ होने के बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर बलुआ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर खुशबू किन्नर सहित अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।