चंदौली के बच्चों की स्पीच से प्रभावित हुए लोकसभा अध्यक्ष

179

चंदौली के बच्चों की स्पीच से प्रभावित हुए लोकसभा अध्यक्ष

चंदौली : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज संसद भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में जनपद चंदौली (मुगलसराय) के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में सभी का स्वागत करते हुए चंदौली के छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए भाषणों की सराहना की और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के उपदेशों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने शीघ्र ही चंदौली आने का वायदा किया.

बता दे की इस कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म स्थान तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्म स्थान से विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया था. वही कार्यक्रम के प्रारंभ में बच्चों की पूरी टीम जिसमें चंदौली (मुगलसराय) के कुल 15 छात्र-छात्राओं को संसद भवन में विजिट कराया गया. उन्हें नई संसद व पुरानी सांसद भवन के सभी विशेषताओं के बारे में बताया गया. इसके उपरांत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में छात्रों का भाषण शुरू हुआ. जिसमें चंदौली के अंश गोयल, भावना यादव व यशी मिश्रा ने ओम बिड़ला व लोकसभा महासचिव उत्पल सिंह एवं अन्य गणमान्य के समक्ष अपना स्पीच दिया. वही भावना यादव की स्पीच से प्रभावित होकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने पास बुलाकर बैठाया.

छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए भाषणों की सराहना

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में सभी का स्वागत करते हुए छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए भाषणों की सराहना की और महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के उपदेशों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया उन्होंने छात्रों से निस्वार्थ भाव से देश की सेवा करने के लिए महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के उपदेशों को अपने जीवन में पालन करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि स्वाधीनता संघर्ष में और स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भारत की प्रगति में लाल बहादुर शास्त्री जी की अतुलनीय भूमिका थी. शास्त्री जी कर्मठता और कर्तव्य निष्ठा के प्रतीक रहे हैं.

पूर्व प्रधानमंत्री के पुत्र ने आने का किया वायदा

संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र अनिल शास्त्री भाव विभोर होकर चंदौली के बच्चों से मुलाकात की और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि यह बच्चे आगे चलकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के पद चिन्हों पर चलने का पूरा प्रयास करेंगे. उन्होंने शीघ्र ही चंदौली (मुगलसराय) आने का वादा भी किया.

इन विद्यार्थियों को किया गया था आमंत्रित

अंश गोयल, यशी मिश्रा, शिवानी कुमारी, भावना यादव, आंचल यादव, माला कुमारी, आरती यादव, नंदिनी जायसवाल, सुनंदा, पायल सेठ, नंदनी यादव, अमित कुमार, अनुराग रंजन आदि ने प्रतिभाग किया.