अंतिम छोर तक पहुंचे सिंचाई का पानी, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : डीएम चंद्र मोहन गर्ग

60

अंतिम छोर तक पहुंचे सिंचाई का पानी, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : डीएम चंद्र मोहन गर्ग

चंदौली : जिले में किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को नरायणपुर पम्प कैनाल नहर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नहर की सफाई, मरम्मत और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

लौदा गांव के पास निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नहर की चौड़ाई, गहराई, साइड स्लोप तथा किनारों के ढलान की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने नहर के तटबंधों की मिट्टी को अच्छी तरह दबाकर मजबूत बनाने के निर्देश दिए, ताकि पानी के दबाव से कटाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

डीएम ने नहर में चल रहे पक्की दीवार निर्माण कार्य की मोटाई और मजबूती का भी निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अनुराग सिंह को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी कार्य तय मानकों के अनुसार तेजी से पूरे किए जाएं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तकनीकी टीम द्वारा जांच कराई जाएगी। यदि गुणवत्ता में कमी पाई गई या अंतिम छोर तक किसानों को पानी नहीं पहुंचा तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ विभागीय जांच एवं कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। घटिया सामग्री के उपयोग या निर्धारित समय में कार्य पूरा न करने पर भुगतान रोकने, जुर्माना लगाने और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम बसंतु की मढ़ई में नहर के दाहिने किनारे बनाए गए डौला के कारण सड़क पर आई मिट्टी को तत्काल हटाने तथा तटबंध को सही ढंग से दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों की गुणवत्तापूर्ण ग्रेडिंग एवं सभी छोटी-बड़ी मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूरी कर यह सुनिश्चित किया जाए कि अंतिम छोर तक के किसानों को बिना किसी बाधा के सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।

इस दौरान अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा, सहायक अभियंता अनुराग सिंह सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।