मोबाइल टावरों से चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार, 5 लाख के उपकरण बरामद
चन्दौली : थाना अलीनगर पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के टावर उपकरण, दो मोबाइल फोन और नगद धनराशि बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम सदलपुरा स्थित इंडस टावर से कीमती कार्ड और उपकरण चोरी होने की सूचना पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई थी, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
मिर्जापुर के निवासी है शातिर चोर
इसी क्रम में 21 अप्रैल की रात करीब 11:46 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गोधना अंडरपास के पास घेराबंदी कर दो अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में मनीष कुमार (25 वर्ष) निवासी मिर्जापुर और कमलेश पटेल (29 वर्ष) निवासी मिर्जापुर शामिल हैं।
दिल्ली में खपाते थे चोरी का सामान
दिल्ली में खपाते थे चोरी का माल
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे विभिन्न मोबाइल टावरों से कीमती कार्ड और उपकरण चोरी कर बस के माध्यम से दिल्ली ले जाकर अपने साथियों को बेच देते थे। एक कार्ड की कीमत करीब 30 हजार रुपये मिलती थी। सदलपुरा टावर से चोरी किए गए उपकरण भी वे पहले ही दिल्ली में बेच चुके हैं, जिसका भुगतान उन्हें ऑनलाइन और नगद रूप में मिला था।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपितों के पास से 3 अंजना नोकिया टावर उपकरण, 2 मोबाइल फोन (वीवो व सैमसंग) तथा 250 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने अपराधिक इतिहास भी खंगाला
पुलिस जांच में दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मनीष कुमार के खिलाफ अलीनगर थाने में पूर्व से तीन मामले दर्ज हैं, जबकि कमलेश पटेल के खिलाफ चन्दौली और सोनभद्र जनपद में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, आशुतोष कुमार गुप्ता, धुरेन्द्र प्रसाद समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


















