अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर गिरफ्तार, कब्जे से 1.120 किलो अवैध हेरोइन बरामद
चंदौली : मुगलसराय पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.120 किलो अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशे के तस्करों पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
पुलिस की सटीक कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराध एवं अपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय गगन राज सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक नशीले पदार्थ की बड़ी खेप लेकर जीटीआर रोड से गुजरने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जीटीआर रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक के पास से 1.120 किलो शुद्ध हेरोइन बरामद की।
आरोपी की पहचान और खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सीताराम भील पुत्र स्व. देवीलाल भील, निवासी गुजरोकि मोबरन, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में बताई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी एक अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह का सक्रिय सदस्य है और हेरोइन बेचने के इरादे से मुगलसराय आया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी यह खेप किसी अन्य तस्कर को सौंपने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। बरामद हेरोइन का वजन और शुद्धता की जांच कर ली गई है, जिसकी पुष्टि भी हो चुकी है।
मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या 423/25 अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ में नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जाएगा।
पुलिस टीम को सराहना
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के साथ उपनिरीक्षक अजय कुमार, मनोज कुमार, अनिल शुक्ला
की अहम भूमिका रही।


















