25 हजार का इनामी लुटेरा चढ़ा पुलिस के हत्थे, लूट के रुपये, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद, पांच साथियों संग दिया था वारदात को अंजाम

5

25 हजार का इनामी लुटेरा चढ़ा पुलिस के हत्थे, लूट के रुपये, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद, पांच साथियों संग दिया था वारदात को अंजाम

चंदौली : मुगलसराय थाना पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित लूटकांड का सफल अनावरण करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की घटना से संबंधित 2,200 रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव तथा सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 30/31 जुलाई की रात एम्बीशन स्कूल के पास से वांछित इनामी अभियुक्त हरीश पाण्डेय पुत्र रामजीत पाण्डेय निवासी हरिहरपुर, थाना रोहनिया, वाराणसी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को शक्ति इंटरप्राइजेज, जतनबर (वाराणसी) का एक सेल्समैन पड़ाव से बहादुरपुर क्षेत्र की दुकानों से करीब 1.34 लाख रुपये की वसूली कर वापस लौट रहा था। ग्राम चौरहट के मुख्य मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब पांच बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना मुगलसराय पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना में शामिल चार अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि फरार हरीश पाण्डेय पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। लूट की रकम सभी आरोपियों में बराबर बांटी गई थी, जिसमें उसके हिस्से में 17 हजार रुपये आए थे। बरामद 2,200 रुपये उसी लूट की बची हुई राशि है, जबकि शेष धनराशि उसने खर्च कर दी।

आरोपी ने यह भी कबूल किया कि बरामद मोटरसाइकिल वाराणसी क्षेत्र से चोरी की गई थी और उसी का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जाता था। उसने यह भी बताया कि बरामद अवैध तमंचा बिहार से खरीदा था, जिसे लोगों में भय पैदा करने और अपना दबदबा बनाए रखने के उद्देश्य से अपने पास रखता था।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा उसके अन्य साथियों और गतिविधियों के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।